नई दिल्ली में 18वें BRICS Leaders Summit के आयोजन को देखते हुए केंद्र सरकार ने 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।यह छुट्टी विशेष रूप से नई दिल्ली क्षेत्र में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों के लिए लागू होगी। आयोजन के दौरान विदेशी मेहमानों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
11 से 13 सितंबर तक होगा BRICS Summit
18वें BRICS Leaders Summit का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। इन तीन दिनों के दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है।समिट से जुड़े प्रमुख कार्यक्रमों में BRICS Business Forum और BRICS Leaders Summit शामिल हैं। दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इसमें हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगे।
12 और 13 सितंबर को पहले से है वीकेंड
11 सितंबर को सरकारी कार्यालय बंद रखने के फैसले के बाद अगले दो दिन यानी 12 और 13 सितंबर को भी नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रहेंगे। ये दोनों दिन क्रमशः शनिवार और रविवार हैं।इस तरह नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में लगातार तीन दिनों तक कामकाज प्रभावित रहेगा।
दिल्ली ट्रैफिक को लेकर भी एडवाइजरी
BRICS Summit के दौरान विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालकों के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी की गई है। आयोजन के दौरान नई दिल्ली के कई हिस्सों में वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव और कुछ मार्गों पर प्रतिबंध देखने को मिल सकते हैं।सरकार और सुरक्षा एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था कर रही हैं।
दर्जनभर होटल में ठहरेंगे विदेशी मेहमान
BRICS Summit में शामिल होने के लिए भारत पहुंचने वाले राष्ट्राध्यक्षों और डेलीगेट्स के ठहरने की व्यवस्था नई दिल्ली के प्रमुख होटलों में की गई है।इनमें ताज होटल, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक होटल, सम्राट होटल, क्लेरिजेस होटल, लीला होटल, शांगरी-ला, जनपथ होटल और ताज मान सिंह होटल समेत कई प्रमुख होटल शामिल हैं।विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए इन क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है।
BRICS में शामिल हैं 11 देश
BRICS समूह में वर्तमान में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।इसके अलावा BRICS के सहयोगी देशों के प्रतिनिधि भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। इनमें बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम शामिल हैं।
क्यों लिया गया छुट्टी का फैसला?
नई दिल्ली में एक साथ कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा, यातायात और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का दबाव बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस की सलाह पर 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।इस फैसले का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।