दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के 2026 चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। चार पदों में से तीन पद ABVP के खाते में गए, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की।चुनाव में अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने NSUI के विजय शंकर मीणा को हराया। डबास को 24,576 वोट, जबकि मीणा को 22,523 वोट मिले।
चारों प्रमुख पदों पर कौन जीता?
अध्यक्ष: यश डबास — ABVP
उपाध्यक्ष: दीपांशु शौकीन — निर्दलीय
सचिव: रिया छावड़ी — ABVP
संयुक्त सचिव: लक्ष्य राज सिंह — ABVP
रिया छावड़ी को सचिव पद पर 21,650 वोट, जबकि लक्ष्य राज सिंह को संयुक्त सचिव पद पर 16,615 वोट मिले।उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल किए। वह पहले NSUI से जुड़े रहे हैं और इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे।
किरेन रिजिजू बोले- ‘युवाओं की आवाज साफ है’
आरएसएस के छात्र संगठन एबीवीपी की इस जीत पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने खुशी जताई और कहा कि युवाओं की आवाज बुलंद और स्पष्ट है!!!उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ''दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में ABVP के सभी विजयी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और सभी शुभचिंतकों को हार्दिक बधाई!''
रिजिजू ने कहा, "दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) का चुनाव एक अहम घटना है, क्योंकि देश भर के छात्र दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं. ABVP ने एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करके अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है, जबकि कांग्रेस पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई और एक बार फिर उसे ज़ीरो मिला है. मैं ABVP के उन सभी उम्मीदवारों को दिल से बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में जीतना अपनी आदत बना ली है. 'यूथ की गूंज' नैरेटिव को पूरी तरह से नकार दिया गया है, और छात्रों ने अपनी बात साफ-साफ कह दी है. एक तरह से, DUSU चुनाव एक जनमत संग्रह की तरह है जो युवाओं की असली आवाज को दर्शाता है."