बिहार में BPSC अभ्यर्थियों के विरोध-प्रदर्शन पर राजद पार्टी के दिग्गज नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की नीतीश सरकार को घेरा है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि, यहां पर सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हम छात्रों से भी जाकर मिले, उनके साथ अन्याय हो रहा है उनकी जितनी समस्याएं थीं उससे हमने सीएम नीतीश कुमार को अवगत भी कराया। तेजस्वी ने आगे कहा कि, हमने दो-दो बार सीएम को चिट्ठी भी लिखी, लेकिन अब तक उन चिट्ठियों का कोई जवाब नहीं आया।
छात्रों के साथ अन्याय कर रहे हैं
तेजस्वी यादव ने आगे बिहार के मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि, सदन में मुख्यमंत्री चुप रहते हैं, लोगों से मिलते नहीं है, ना ही नेता विरोधी दल का कोई जवाब देते हैं। ये कैसा लोकतंत्र हैं। संवाद कार्यक्रम में निकलते हैं लेकिन किसी से कोई संवाद कर ही नहीं रहे हैं। राजद नेता ने आगे कहा कि, यहां सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। केवल भ्रष्ट अधिकारी शासन कर रहे हैं, छात्रों के साथ अन्याय कर रहे हैं।
नीतीश कुमार इतिहास बन गए हैं
बिहार के पूर्व सीएम ने कहा कि, जब हमारी 17 महीने की सरकार थी तो लोगों के चेहरे पर खुशी थी। आज पीठ पर लाठी का दाग और सिर फूटा हुआ है। लोग अस्पताल में हैं और उनकी आंखों में आंसू हैं। उन्होंने कहा कि, ये सरकार जनता की सरकार नहीं है भ्रष्ट अधिकारियों की सरकार है ये सरकार केवल भ्रष्टाचार में लगी हुई है। तेजस्वी यादव ने सीएम पर तंज कसते हुए आगे कहा कि, अब ऐसा लग रहा है कि, राज्य में कोई सीएम नहीं है और ऐसा लग रहा है कि, नीतीश कुमार इतिहास बन गए हैं।
मुख्यमंत्री ही खामोश हैं तो कहां जाएं
वहीं जब तेजस्वी यादव से पूछा गया कि, क्या वे छात्रों की लड़ाई लडेंगे तो इस पर उन्होंने कहा कि, हां बिल्कुल, लोकतांत्रिक व्यवस्था में जब मुख्यमंत्री ही खामोश हैं तो कहां जाएं, गोली उठाने की नौबत नहीं आएगी। उन्होंने आगे कहा कि, बीपीएससी ने केवल एक ही सेंटर की परीक्षा कैंसिल क्यों की पेपर लीक किसने कराया, सर्वर डाउन किसका था, क्या इसमें छात्र दोषी हैं क्यों पूरी परीक्षा रद्द की गई। राजद पार्टी के दिग्गज नेता ने कहा कि, अगर एक सेंटर का पेपर रद्द हुआ और सेंटरों का पेपर रद्द नहीं हुआ तो ये नॉर्मलाइजेशन ही है।
Comments (0)