हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी में NH-305 पर मंगलवार तड़के कार खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।सभी लोग कुमारसैन के बड़ागांव में शादी समारोह से लौट रहे थे।
तड़के साढ़े 3 बजे हुआ हादसा
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में मंगलवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। हरिपुर-नागन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-305 पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में करीब पांच लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
चार लोगों की मौत
बताया गया है कि चारों मृतक आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले थे। हादसे में सुरेश कुमार पुत्र मोहन लाल घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी लोग कुमारसैन के बड़ागांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।वापसी के दौरान हरिपुर-नागन क्षेत्र में NH-305 पर यह हादसा हो गया। कार सड़क से कैसे नीचे गिरी और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल पाएगा।
प्रशासन ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों और वाहन के खाई में गिरने की वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।