भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तरप्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा।इनके अलावा पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा। इस तरह घोषित कार्यक्रम में कुल 12 राज्यसभा सीटें शामिल हैं।
यूपी की 10 सीटों पर क्यों हो रहा चुनाव?
उत्तर प्रदेश की इन 10 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके चलते इन सीटों के लिए चुनाव कराया जा रहा है।मौजूदा 10 सीटों में 8 BJP, 1 समाजवादी पार्टी और 1 बहुजन समाज पार्टी के पास है।इन सीटों से जुड़े प्रमुख नामों में बृजलाल, सीमा द्विवेदी, नीरज शेखर, गीता शाक्य, हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और बीएल वर्मा शामिल हैं। डॉ. दिनेश शर्मा का कार्यकाल भी 25 नवंबर तक था, लेकिन अंडमान और निकोबार के उपराज्यपाल नियुक्त होने के बाद उनके इस्तीफे से सीट रिक्त हुई।वहीं समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम का कार्यकाल भी इसी समय पूरा हो रहा है।
नामांकन से लेकर मतदान तक पूरा शेड्यूल
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अहम चुनावी प्रक्रिया
राज्यसभा चुनाव का यह कार्यक्रम ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तैयारियां भी आगे बढ़ रही हैं। राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्य के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं।