जम्मू: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार सुबह दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए। हैरानी की बात यह है कि दोनों पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार भी मौके से गायब हैं। हथियार नहीं मिलने के बाद घटना में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे।दोनों किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के कियार गांव में तैनात थे। बुधवार को वे अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे, लेकिन निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस और सेना ने चलाया था बड़ा सर्च ऑपरेशन
दोनों SPO के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया था। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों में सुरक्षा बलों की कई टीमें तैनात की गई थीं।तलाशी अभियान में ड्रोन कैमरों और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। सुरक्षा बलों ने कियार गांव से लेकर धरना-मरवाह तक के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान गुरुवार सुबह दोनों के शव बरामद हुए।
सर्विस हथियार गायब होने से बढ़ा शक
दोनों पुलिसकर्मियों के शवों पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। इसके अलावा उनके सर्विस हथियार भी बरामद नहीं हुए हैं। हथियार गायब होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियां घटना में आतंकी एंगल की जांच कर रही हैं।
किश्तवाड़ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
दो SPO की हत्या की घटना के बाद किश्तवाड़ के संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान तेज किया है।