गोरखपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
हर शिकायत का गंभीरता और समयबद्ध तरीके से होगा निस्तारण
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तय समय सीमा के भीतर निस्तारित किया जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे फरियादी पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
गंभीर बीमार मरीजों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे लोगों को आश्वासन दिया कि आर्थिक समस्या के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज से संबंधित खर्च का अनुमान जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जमीन विवाद की शिकायतों पर अधिकारियों को दिए निर्देश
जनता दर्शन में गाजीपुर और देवरिया से आए कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर शिकायतों की जांच कराई जाए।उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को नियमानुसार जमीन का कब्जा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, चॉकलेट देकर बढ़ाया उत्साह
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के साथ आए बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हालचाल पूछा और उनके परिवार वालों से भी बातचीत की।मुख्यमंत्री का यह सहज व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
गोशाला पहुंचकर गायों को खिलाया गुड़ और रोटी
जनता दर्शन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा उनका दुलार किया।मुख्यमंत्री ने गोशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और गायों की बेहतर देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोसेवा और संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
जनता की समस्याओं के समाधान को सरकार की प्राथमिकता बताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के माध्यम से एक बार फिर संदेश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।