गोरखपुर- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन लगाया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता से सीधे मिले CM योगी, बोले- चिंता मत करें
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी खुद लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक फरियादी से बातचीत कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, "चिंता मत करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।"
अपराध और जमीन कब्जे के मामलों में सख्ती के निर्देश
जनता दर्शन में अपराध, जमीन कब्जा, प्रशासनिक शिकायतों और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को जल्द न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान पूरी निष्पक्षता और तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता पर भी दिया भरोसा
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के आवेदन भी मुख्यमंत्री के सामने आए। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों से उपचार का इस्टीमेट जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जैसे ही इस्टीमेट मिलेगा, सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बच्चों को चॉकलेट देकर दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों से मुलाकात की, उन्हें प्यार-दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
गोशाला पहुंचे CM योगी, गायों को खिलाया गुड़
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर की गोशाला भी पहुंचे। उन्होंने गोवंश को उनके नाम लेकर पुकारा तो कई गायें उनकी आवाज सुनकर दौड़ती हुई उनके पास आ गईं। मुख्यमंत्री ने गायों और नंदी को अपने हाथों से गुड़ खिलाया, उनके माथे पर हाथ फेरा और गोशाला के कर्मचारियों को बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।