मैनपुरी- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी के गढ़ मैनपुरी और इटावा से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद, वंशवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जमीन से जुड़कर राजनीति की, लेकिन बाद में परिवारवाद और सैफई सिंडिकेट ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये और इटावा में 604 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में धार्मिक आयोजनों को लेकर तनाव का माहौल रहता था। कांवड़ यात्रा, रामनवमी, जन्माष्टमी और अन्य पर्वों पर प्रतिबंध जैसी स्थिति बनती थी, लेकिन आज सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को केसरिया रंग से परेशानी रही है, जबकि भाजपा सरकार सभी धार्मिक परंपराओं का सम्मान करती है।
'अपराधियों के लिए सिर्फ दो जगह- जेल या जहन्नुम'
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी बेटियों, व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब दंगा और कर्फ्यू की पहचान से निकलकर सुशासन और विकास की नई पहचान बना चुका है।
मैनपुरी की बदली तस्वीर का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी की पहचान अपराध और अराजकता से जुड़ गई थी। यहां के युवाओं को दूसरे शहरों में होटल या किराए पर मकान तक नहीं मिलता था। लेकिन आज हालात बदल चुके हैं और मैनपुरी के युवाओं को सम्मान के साथ देखा जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत कर प्रदेश की छवि बदली है।
भर्ती, किसानों और युवाओं की योजनाओं का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों के समय नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी, जबकि वर्तमान सरकार में बिना भेदभाव के भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचाया जा रहा है।
ODOP और विकास परियोजनाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के जरिए स्थानीय कारीगरों और उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मैनपुरी और इटावा जैसे जिलों का विकास जरूरी है। सरकार सड़क, बिजली, सिंचाई, स्टेडियम, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है।
1,286 करोड़ रुपये की 111 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये और इटावा में 604 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधारोपण किया, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास और सुशासन का मॉडल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।