नई दिल्ली - उत्तर प्रदेश और बिहार के हालिया उपचुनावों के नतीजों पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने इसे जनता के मूड का संकेत बताया है। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि उपचुनाव के परिणाम उनकी पार्टी के लिए उत्साहजनक हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में इससे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर पूरी तैयारी कर रही है।
सरकार के प्रति जनता में आक्रोश है
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद डिंपल यादव ने कहा कि यह परिणाम दर्शाते हैं कि लोगों के बीच सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उनके मुताबिक, जनता मौजूदा परिस्थितियों से असंतुष्ट है और चुनाव परिणाम उसी भावना को प्रतिबिंबित करते हैं।
राम मंदिर चोरी पर बोलीं सपा सांसद
राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले पर भी समाजवादी पार्टी की नेत्री डिंपल यादव ने सवाल उठाए। सपा सांसद ने कहा कि यदि किसी तरह की अनियमितता या चोरी हुई है तो इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उनके अनुसार, यह मामला करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है, इसलिए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है और इसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
सपा सांसद राजीव राय ने सरकार पर निशाना साधा
वहीं, सपा सांसद राजीव राय ने भी उपचुनाव परिणामों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये नतीजे देश के युवाओं की आवाज हैं। उनके मुताबिक, हाल के छात्र आंदोलनों और युवाओं की नाराजगी चुनावी परिणामों में भी दिखाई दी है। उन्होंने दावा किया कि जब युवा बदलाव का फैसला करते हैं तो उसका असर राजनीतिक व्यवस्था पर भी पड़ता है।
उपचुनाव परिणामों पर गिरिराज सिंह का बयान...
दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के फैसले का सम्मान करती है। हालांकि उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि इन नतीजों को लेकर अधिक उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। गिरिराज सिंह ने वर्ष 2009 के बिहार उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी एनडीए को कई सीटों पर हार मिली थी, लेकिन अगले ही वर्ष विधानसभा चुनाव में गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव और आम चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं और अंतिम राजनीतिक तस्वीर व्यापक चुनावों में ही स्पष्ट होती है।