लखनऊ - दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। छात्रों की मांगों को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। हालांकि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार के आश्वासन के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन से जुड़े अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
PM मोदी बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश जारी कर NEET पेपर लीक मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। पीएम मोदी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने NEET विवाद और सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने लंबे समय तक शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों की मांगों को उठाया, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी ने आंदोलन में शामिल होकर माहौल खराब करने की कोशिश की। मौर्य ने कहा कि जो स्थिति बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाई जा सकती थी, उसे विपक्षी दलों ने राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की।
कांग्रेस के बयान पर भी पलटवार
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा सोनम वांगचुक को "अन्ना पार्ट टू" और सरकार के साथ व्यक्तिगत समझौते वाले बयान पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है और देश की जनता सब कुछ देख रही है।
भाजपा और पीएम मोदी पर जनता को भरोसा- मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की जनता को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। NEET विवाद को लेकर जहां सरकार कार्रवाई का भरोसा दिला रही है, वहीं विपक्ष और छात्र संगठन जवाबदेही तय करने की मांग पर कायम हैं।