लखनऊ - बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भदोही का नाम फिर से संत रविदास नगर किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने संकीर्ण जातिवादी मानसिकता के चलते जिले का नाम बदला था।
'सपा ने जातिवादी सोच से बदला था नाम'
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि बसपा सरकार ने भदोही को नया जिला बनाकर उसका नाम संत रविदास नगर रखा था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार ने इसे बदल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा फिर से पुराना नाम बहाल करना स्वागतयोग्य कदम है और इसके लिए बसपा राज्य सरकार की आभारी है।
बसपा सरकार के फैसलों का किया जिक्र
बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान कई नए जिले, तहसील, विकासखंड और पुलिस जोन बनाए गए थे। साथ ही कई जिलों का नाम दलित और पिछड़े वर्गों के महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के सम्मान में रखा गया था। इनमें संत रविदास नगर, छत्रपति शाहूजी महाराज नगर और भीम नगर जैसे जिले शामिल थे।
अन्य जिलों के नाम बहाल करने की मांग
मायावती ने आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए की बात करने के बावजूद दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के महापुरुषों के नाम हटाए, जिसे जनता नहीं भूलेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से अन्य बदले गए जिलों के नाम भी बहाल करने की मांग की और कहा कि यदि यह फैसला 9 अक्टूबर (कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस) से पहले लिया जाता है तो बसपा सरकार की आभारी रहेगी।