लखनऊ: उत्तरप्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान आज होने की संभावना है। दोनों नेता 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोपहर 12 बजे होटल दयाल पैराडाइज में होने वाली इस प्रेसवार्ता में गठबंधन की रूपरेखा और सीटों के बंटवारे पर जानकारी दी जा सकती है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों पार्टियां यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे ओवैसी और चंद्रशेखर?
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन में सीटों का बंटवारा सबसे अहम मुद्दा है। फिलहाल दोनों पार्टियों ने आधिकारिक तौर पर सीटों की संख्या घोषित नहीं की है।
लखनऊ में दोपहर 12 बजे होगी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
आजाद समाज पार्टी और AIMIM की ओर से लखनऊ के होटल दयाल पैराडाइज में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद दोनों शामिल होंगे।दोनों दलों के बीच पिछले एक महीने से ज्यादा समय से गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी। कई दौर की चर्चा के बाद दोनों पार्टियों ने साथ आने का फैसला किया है।गठबंधन के ऐलान के बाद असदुद्दीन ओवैसी सड़क मार्ग से मुरादाबाद रवाना होंगे, जहां उन्हें एक निजी कार्यक्रम में शामिल होना है।
दलित-मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने की रणनीति
इस गठबंधन की सबसे बड़ी रणनीति दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक राजनीतिक मंच पर लाने की मानी जा रही है।उत्तर प्रदेश में दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी लगभग 19 प्रतिशत मानी जाती है। दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40 प्रतिशत है।
चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में अपनी पहचान रखते हैं, जबकि असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का साथ आना प्रदेश के चुनावी समीकरणों में एक नया राजनीतिक विकल्प खड़ा करने की कोशिश है।
पश्चिमी यूपी और रोहिलखंड पर रहेगा खास फोकस
गठबंधन की रणनीति में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रोहिलखंड क्षेत्र महत्वपूर्ण हो सकते हैं। इन क्षेत्रों की कई विधानसभा सीटों पर दलित और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है।इसके अलावा पूर्वांचल के आजमगढ़, मऊ, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिलों में भी दोनों दल अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं।मेरठ, मुरादाबाद और बरेली जैसे जिलों में भी दोनों समुदायों की मौजूदगी कई सीटों पर चुनावी समीकरण प्रभावित कर सकती है।
अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को मिल सकती है चुनौती
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव के लिए PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।अब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच एक अलग राजनीतिक दावेदारी सामने आ सकती है।इसका असर खासतौर पर उन सीटों पर देखने को मिल सकता है, जहां इन दोनों समुदायों के मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं।हालांकि, गठबंधन का वास्तविक चुनावी प्रभाव सीटों के बंटवारे, उम्मीदवारों और स्थानीय समीकरणों पर निर्भर करेगा।
बसपा के सामने भी बढ़ सकती है चुनौती
उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी का पारंपरिक राजनीतिक आधार दलित मतदाता रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद भी दलित राजनीति के जरिए अपनी पहचान मजबूत करने में जुटे हैं।ऐसे में AIMIM के साथ गठबंधन होने से बसपा के सामने भी कुछ सीटों पर नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो सकती है।वहीं ओवैसी की मौजूदगी से मुस्लिम मतदाताओं के बीच भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
2027 चुनाव में तीसरे मोर्चे की तैयारी
उत्तर प्रदेश में एक तरफ भाजपा के नेतृत्व वाला NDA है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनावी गठबंधन की संभावनाएं हैं।अब AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आने की तैयारी में है।