लखनऊ - हाल ही में आए उपचुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दतिया और बांकीपुर के चुनाव परिणाम जनता के बदलते रुख का संकेत हैं और यह आने वाले समय में बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत साबित हो सकते हैं।
युवाओं के साथ अन्याय हुआ है
समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता धर्मेंद्र यादव ने अपने बयान में आगे बीजेपी पर हमला साधते हुए कहा कि इन दोनों क्षेत्रों की जनता ने अपने मतदान के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि वह मौजूदा सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है। उनके मुताबिक, जनता महिलाओं के सम्मान और युवाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।
मतदाताओं ने जंतर-मंतर का दिया जवाब
उनका कहना था कि पटना के गांधी मैदान से लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर तक प्रदर्शन करने वाले युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसे लोगों ने देखा है और मतदाताओं ने उसी का जवाब उपचुनाव में दिया है। सपा सांसद ने दावा किया कि दतिया और बांकीपुर के नतीजे सिर्फ दो सीटों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह भविष्य की राजनीति का संकेत हैं। उनके अनुसार, जनता अब बदलाव चाहती है और यही संदेश इन चुनाव परिणामों से मिला है।
केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर भी साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद पर मौर्य की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि इस मामले में जनता जवाब चाहती है और जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक लोगों के सवाल खत्म नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता अंतिम निर्णय लेने वाली होती है और उपचुनाव के नतीजे इस बात का संकेत हैं कि मतदाता अब सरकार से जवाबदेही की उम्मीद कर रहे हैं।