लखनऊ। उत्तरप्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से नोएडा, मेरठ, अलीगढ़, आगरा समेत प्रदेश के 55 से अधिक शहरों में रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। सहारनपुर में तड़के करीब चार बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने महज दो घंटे में शहर की सड़कों को पानी से लबालब कर दिया, जहां कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया।
नोएडा में कमर तक पानी, लापरवाही पर जेई और सुपरवाइजर बर्खास्त
नोएडा में भारी बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। कई इलाकों में कमर तक पानी भरने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। महिलाएं स्कूली बच्चों को कंधों पर बैठाकर पानी से गुजरती नजर आईं, जबकि कई बाइक और कारें आधी पानी में डूब गईं। जलनिकासी व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) और सुपरवाइजर को बर्खास्त करने के निर्देश दिए।
सहारनपुर में सरकारी दफ्तरों और कॉलोनियों में घुसा पानी
सहारनपुर में भारी बारिश के चलते डीएम कार्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। अधिकारियों की कॉलोनी भी जलभराव की चपेट में आ गई, जहां जिला जज, कमिश्नर और नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं। शहर की कई कॉलोनियां और सड़कें तालाब जैसी दिखाई देने लगीं।
बुलंदशहर और मेरठ में भी बिगड़े हालात
बुलंदशहर में लगातार बारिश के कारण एसडीएम और जिला पंचायत राज अधिकारी सहित कई अधिकारियों के सरकारी आवासों में पानी भर गया। बेडरूम से लेकर बाथरूम तक जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पानी निकालने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियों की सहायता लेनी पड़ी।
वहीं मेरठ विकास प्राधिकरण के कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया। कैंप कार्यालय के बाहर जलभराव होने से महापौर कुछ समय तक कार्यालय के भीतर ही फंसे रहे। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी बारिश का पानी घुसने से मरीजों और चिकित्साकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रायबरेली में खेत में मिला सुरंग जैसा गड्ढा
रायबरेली में तेज बारिश के बाद एक खेत में करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। ग्रामीणों ने निरीक्षण किया तो वहां सुरंग जैसी संरचना दिखाई दी। सूचना मिलने पर एएसआई मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सात जिलों में अत्यधिक भारी और 53 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली गंगा, यमुना, घाघरा और सरयू नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
नदियां उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के कटान से करीब 120 बीघा गन्ने की फसल नदी में समा चुकी है। वहीं बलिया जिले में सरयू नदी का पानी कई गांवों में प्रवेश कर गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।