लखनऊ- उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को तराई और पश्चिमी यूपी में जमकर बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए 20 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 51 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
सिद्धार्थनगर में सबसे ज्यादा 242.4 मिमी बारिश
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश सिद्धार्थनगर जिले के बांसी में 242.4 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा कासगंज में 62 मिमी, मुरादाबाद में 53.2 मिमी और बलरामपुर में 45.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि मौसम सुहावना हो गया और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
3 से 6 अगस्त तक जमकर बरसेंगे बादल
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी ट्रफ उत्तर की ओर खिसक गई है, जिससे बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह बढ़ गया है। इसके प्रभाव से 3 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने और कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।
इन 20 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
51 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, लखनऊ, कानपुर नगर, अयोध्या, रायबरेली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, संभल समेत 51 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।