लखनऊ।उत्तरप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान सियासी हलचल देखने को मिली। भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया।बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका रावत, श्रुति गंगवार और गोपीकृष्ण पांडेय ने नामांकन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
धर्मपाल सिंह ने सबसे पहले, श्रुति गंगवार ने सबसे आखिर में भरा पर्चा
भाजपा प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह ने सबसे पहले नामांकन दाखिल किया। वहीं, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार ने सबसे आखिर में राज्यसभा चुनाव का पर्चा दाखिल किया।
नामांकन के बाद कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मी में बहस
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक भाजपा कार्यकर्ता की विधानसभा के सुरक्षाकर्मी से बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की तथा गाली-गलौज की स्थिति बन गई।मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
सपा के दो प्रत्याशी पहले ही कर चुके नामांकन
राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।वहीं, मंगलवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीसरा उम्मीदवार उतारने से इनकार कर दिया। इसके बाद राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की स्थिति बन गई है।
16 अक्टूबर को होना है राज्यसभा चुनाव
उत्तरप्रदेश में राज्यसभा की कुल 31 सीटें हैं। इनमें से 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना है।नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन 10 सीटों पर चुनाव की तस्वीर लगभग स्पष्ट हो गई है।