लखनऊ। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जुलाई को आगरा में उच्च शिक्षा विभाग की 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।
शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ
नई योजना लागू होने के बाद पात्र शिक्षकों और उनके परिवारों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक चिकित्सा प्रतिपूर्ति की व्यवस्था सीमित होने के कारण इलाज का खर्च शिक्षकों को स्वयं वहन करना पड़ता था। नई व्यवस्था से उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध होने के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।राज्य सरकार का मानना है कि शिक्षकों का स्वास्थ्य सुरक्षित होगा तो उच्च शिक्षा व्यवस्था भी अधिक मजबूत और प्रभावी बनेगी। यह योजना शिक्षक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रति परिवार हर वर्ष मिलेगा ₹5 लाख का स्वास्थ्य कवर
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। स्वास्थ्य कार्ड जारी होने के बाद लाभार्थी पहले ही दिन से योजना का लाभ उठा सकेंगे।योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने, इलाज, दवाइयों, सर्जरी और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च निर्धारित नियमों के अनुसार कवर किया जाएगा, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं रहेगी।
एमओयू के तहत मिलेगा करोड़ों रुपये का बीमा सुरक्षा कवच
कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के साथ होने वाले एमओयू के तहत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कई अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इनमें शामिल हैं—
₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा
₹3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा
₹60 हजार तक का अस्पताल नकद (Hospital Cash) लाभ
₹12 लाख तक का टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर
इन सुविधाओं का उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को व्यापक वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
1900 से अधिक उपचार पैकेज होंगे शामिल
इस योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ मिलेगा। इनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारियां, जटिल सर्जरी सहित कई गंभीर रोगों का इलाज शामिल किया गया है।योजना का संचालन साचीज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा और उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना की निर्धारित दरें लागू होंगी।
शिक्षक कल्याण की दिशा में बड़ा कदम
प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना न केवल शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। सरकार का मानना है कि यह पहल उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों के कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।