लखनऊ- उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज (3 अगस्त) से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है। विपक्ष जहां महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं योगी सरकार अपनी उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सदन में मजबूती से रखेगी।
पहले दिन श्रद्धांजलि, फिर शुरू होगी विधायी कार्यवाही
मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगत नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी। इसके बाद सदन की नियमित कार्यवाही प्रारंभ होगी।
4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट
सरकार 4 अगस्त को वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके बाद 5 अगस्त को विभिन्न विधेयकों के प्रतिस्थापन और अन्य विधायी कार्यों पर चर्चा होगी। वहीं 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद अनुदान मांगों पर विचार कर उसे पारित कराया जाएगा।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
विपक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई है। वहीं सरकार इन सवालों का जवाब देते हुए अपने विकास कार्यों, निवेश, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण योजनाओं का ब्यौरा सदन में पेश करेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, धारा-163 लागू
मानसून सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और धारा-163 लागू कर दी गई है। बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोकहित से जुड़े कई विधेयक आ सकते हैं
सत्र के दौरान सरकार कई लोकहित से जुड़े विधेयक, प्रस्ताव और नीतिगत फैसले भी सदन में ला सकती है। ऐसे में आगामी चार दिन प्रदेश की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं।