लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। कन्नौज में सबसे अधिक 125 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बहराइच, इटावा, अयोध्या, लखीमपुर खीरी और कानपुर समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 42 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 5 से 7 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
42 जिलों में येलो अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन और महोबा समेत 42 जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक कन्नौज में 125 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच में 104 मिमी, इटावा में 100 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी में 81.6 मिमी और कानपुर में 75 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। लगातार बारिश से कई इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
लखनऊ में पहली झमाझम बारिश ने खोली तैयारियों की पोल
राजधानी लखनऊ में सीजन की पहली तेज बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई के दावों की पोल खोल दी। आशियाना, गोमतीनगर, अलीगंज, विभूति खंड, मड़ियांव, सरोजनीनगर और भूतनाथ बाजार समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। गोमतीनगर के भरवारा अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने से यातायात प्रभावित रहा। कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिसके बाद नगर निगम को पंप लगाकर पानी निकालना पड़ा।
जल निकासी व्यवस्था फिर हुई फेल
विभूति खंड, विनम्र खंड और एलकेएस कॉलोनी सहित कई इलाकों में नाले और सीवर जाम होने से सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं फैजुल्लागंज की कृष्णा लोक कॉलोनी में सड़क धंसने से निर्माण सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।