लखनऊ - उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में बारिश का दौर थम गया है। शनिवार सुबह बरेली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर समेत कई शहरों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 71 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
बलिया में सरयू का कहर, 9 मकान नदी में समाए
पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश की नदियों पर दिखाई दे रहा है। गंगा, घाघरा और सरयू समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी के तेज कटाव से एक ही दिन में 9 मकान नदी में समा गए, जबकि 100 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। प्रशासन प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लखीमपुर में मगरमच्छ और 12 फीट का अजगर मिलने से दहशत
लखीमपुर खीरी के भीरा वन क्षेत्र की नहर में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले भी इसी इलाके में मगरमच्छ ने एक कुत्ते का शिकार किया था। वहीं, पचपेड़ी गांव में खेत के पास लगे जाल में करीब 12 फीट लंबा अजगर फंस गया, जिसे वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
3 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने से फिलहाल यूपी में मानसूनी गतिविधियां कमजोर हुई हैं। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में मानसूनी रेखा फिर उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी, जिसके बाद 3 से 4 अगस्त के बीच प्रदेश में तेज बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।