लखनऊ - उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से सोमवार से प्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज होगा। मौसम विभाग ने 19 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि 48 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
रविवार को तराई क्षेत्र में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बांदा, उरई, बरेली और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इन 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बहराइच और लखीमपुर खीरी के लिए अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
लखनऊ में भी बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में रविवार को तेज धूप और हवा में अधिक नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान बढ़कर 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिनभर गर्मी और बेचैनी बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से शहर में मौसम बदल सकता है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
क्यों सक्रिय हुआ मानसून?
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून ट्रफ दोबारा उत्तर की ओर खिसक गया है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी मजबूत हुआ है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से पूरे उत्तर प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी और कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।