खटीमा : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा को बड़ी विकास सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने खटीमा के राणा मार्केट स्थित सितारगंज रोड पर 14 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर कोने में समान रूप से विकास कराना राज्य सरकार का संकल्प है। सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों व्यापारियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शहर में लगने वाले जाम की समस्या से भी निजात मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा चौराहे से पैदल चलते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। राणा मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खटीमा एक मिनी इंडिया का स्वरूप है जहां सभी जाति वर्ग जनजाति और किसान समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा में सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
सड़क चौड़ीकरण से कई क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण होने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। इससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस मार्ग का उपयोग बंडिया चकरपुर टनकपुर लोहाघाट पिथौरागढ़ धारचूला और चंपावत सहित पड़ोसी देश नेपाल से आने-जाने वाले राहगीर भी करते हैं।
सड़क चौड़ीकरण से इन सभी क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
खटीमा में शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर हो रहा काम
मुख्यमंत्री ने खटीमा में कराए जा रहे विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डिग्री कॉलेज में नए भवनों और कक्षाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण सड़कों का चौड़ीकरण और खेतलसंडा पुल का निर्माण भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बस अड्डे के विकास और किसानों के हित में शुगर फैक्ट्री का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य खटीमा के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र के विकास को गति देना है।
300 करोड़ से अधिक की धनराशि से सुधरेगी ड्रेनेज व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे शहर में जलभराव की समस्या को दूर करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाना उनका संकल्प है। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को दूर करने के साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाने के प्रयास भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सुविधाओं के विस्तार के साथ ही स्वच्छता और नागरिकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीमांत क्षेत्रों से लेकर पूरे प्रदेश का समान विकास लक्ष्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के समान विकास के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य नीति से माणा-मलारी जैसे सीमांत क्षेत्रों से लेकर अंतिम सीमांत गांवों तक और हरिद्वार से चकरपुर-टनकपुर तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। सड़क शिक्षा स्वास्थ्य पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाकर उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि खटीमा की जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि खटीमा सहित पूरे उत्तराखंड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।