खटीमा : जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा में मतदाता सूची को लेकर दर्ज 917 आपत्तियों ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। मामले को लेकर कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी से मुलाकात कर सभी आपत्तियों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। वहीं नगर पालिका परिषद खटीमा के वार्ड नंबर 10 गोटिया के सभासद जीशान अहमद ने भी प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों की सत्यता की जांच कराने की मांग उठाई है।
विधायक भुवन कापड़ी का तंज
विधायक भुवन चंद्र कापड़ी का कहना है कि मतदाता सूची को लेकर बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं लेकिन इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्हें जानकारी ही नहीं है कि उनके नाम से मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज की गई है। कापड़ी ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रशासन से प्रत्येक आपत्ति की वास्तविकता की जांच कराने की मांग की।
कापड़ी ने एसडीएम तुषार सैनी से कहा कि सभी आपत्तियों को संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ तक भेजा जाए। इसके बाद जिन लोगों के नाम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं उन्हें नोटिस जारी कर उनका पक्ष जाना जाए। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया से यह स्पष्ट हो सकेगा कि आपत्तियां वास्तव में संबंधित लोगों द्वारा दर्ज कराई गई हैं या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से उनके नाम का इस्तेमाल किया गया है।
विधायक ने प्रशासन से मांग की कि मतदाता सूची से जुड़े इस पूरे मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता बरती जाए ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से प्रभावित न हो और फर्जी या भ्रामक आपत्तियों की स्थिति में उचित कार्रवाई की जा सके।
एसडीएम को सौंपा शिकायती पत्र
इसी मामले में नगर पालिका परिषद खटीमा के वार्ड नंबर 10 गोटिया के सभासद जीशान अहमद ने भी एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा। सभासद ने आरोप लगाया कि वार्ड के स्थायी निवासियों के नामों को लेकर कुछ आपत्तियां ऐसे लोगों की ओर से दर्ज कराई गई हैं जो बाहरी हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें कई आपत्तियां गलत और भ्रामक हैं।
जीशान अहमद ने प्रशासन से मांग की कि वार्ड में मतदाता सूची को लेकर दर्ज प्रत्येक आपत्ति की बारीकी से जांच कराई जाए। यदि जांच में कोई आपत्ति गलत पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सभासद का कहना है कि मतदाता सूची में वास्तविक मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रखना जरूरी है और किसी भी गलत आपत्ति के कारण पात्र मतदाताओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खटीमा में मतदाता सूची को लेकर कुल 917 आपत्तियां प्राप्त होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में आपत्तियां आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रशासन से लगातार निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
वहीं पूरे मामले पर एसडीएम तुषार सैनी ने कहा कि प्राप्त सभी आपत्तियों को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रशासन की ओर से प्रत्येक आपत्ति की जांच की जाएगी और यदि कोई आपत्ति गलत तरीके से दर्ज कराई गई है तो उसकी भी जांच होगी।
दोनों पक्षों रखेंगे अपना पक्ष
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का समान अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कार्रवाई शुरू की जाएगी और जांच की प्रक्रिया के दौरान तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि 917 आपत्तियों में कितनी वास्तविक हैं और कितनी आपत्तियां गलत या भ्रामक तरीके से दर्ज कराई गई हैं। फिलहाल मतदाता सूची को लेकर खटीमा में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और सभी की नजर प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर है।