लक्सर : किशोरियों को HPV वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने और टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में हरिद्वार के ACMO डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में ANM और आशा फैसिलिटेटर के साथ विशेष गोष्ठी आयोजित कर HPV वैक्सीन को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए वैक्सीनेशन बेहद महत्वपूर्ण है HPV संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर सहित कुछ अन्य कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल है। ACMO ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि 14 वर्ष की सभी पात्र किशोरियों के माता-पिता तक घर-घर पहुंचकर सही जानकारी दी जाए वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जाए और अधिक से अधिक पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जागरूकता ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे।
माता-पिता को HPV वैक्सीन का महत्व
वहीं लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ANM पूनम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। किशोरियों के माता-पिता को HPV वैक्सीन के महत्व और इससे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों में कई तरह की भ्रांतियां हैं जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम समझाकर दूर कर रही है। सही जानकारी समय पर टीकाकरण और जागरूकता के जरिए किशोरियों को HPV संक्रमण से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिम से बचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।