चमोली : मायापुर-पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के साथ सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से काम करें।
टीमों में समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने NDRF SDRF ITBP पुलिस, प्रशासन और THDC की टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे जवानों और कर्मचारियों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति पर लगातार नजर रखने, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य की निरंतर निगरानी करने को कहा ताकि बचाव अभियान को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य के साथ प्रभावित परिवारों की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों का पूरा ध्यान टनल में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। रेस्क्यू टीमों द्वारा उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।