मंगलौर : प्रेम प्रसंग के विरोध से नाराज एक बेटी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मंगलौर गंगनहर के किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले को ब्लाइंड मर्डर के तौर पर जांचते हुए 28 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी सरिता अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करती थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बेटी और उसके प्रेमी ने महिला को हरिद्वार घुमाने के बहाने ब्रेजा कार में बैठाया। इसके बाद रास्ते में कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
मंगलौर नहर के पास फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के शव को मंगलौर नहर पुल के पास गंगनहर के किनारे फेंक दिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुराग जुटाने के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया।
216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनाक्रम से जुड़े रास्तों और संभावित स्थानों पर लगे करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कार और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब मामले में हत्या के कारण घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।