जनपद चम्पावत में केंद्र पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समग्र विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार एवं क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा ने की।
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति
बैठक के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अध्यक्ष का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न। जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। मंत्री अजय टम्टा ने सर्वप्रथम पूर्व बैठक 17 अक्टूबर 2025 में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए ताड़केश्वर क्षेत्र में शवदाह गृह एवं टाल विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने जनपद में मडुवा लाल धान सहित अन्य उत्पादों को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना PMGSY फेज-3 के अंतर्गत सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा
पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हर घर तक जल पहुँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी अधिशासी अधिकारियों एवं जल निगम को जनपद में सेप्टिक टैंक एवं खुले आउटलेट की स्थिति का सर्वे कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।जी राम जी मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने नई गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए तथा वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत चयनित सभी गांवों में कार्यों की प्रगति की जानकारी ली साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने जनपद के सभी शेष तोकों तक शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर बल
शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण क्षमता विकास एवं प्रेरणा कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक पूरे विद्यालय की दिशा बदल सकता है। कृषि विभाग को तारबाड़ घास कटर एवं पावर वीडर जैसे उपकरणों को बढ़ावा देने तथा महिला किसानों को विशेष रूप से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को बद्री गाय के साथ-साथ रेड सिंधी नस्ल के संवर्धन के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाने को कहा।
सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा
सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-09 लोहाघाट-चम्पावत के स्वाला क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव के स्थायी समाधान के लिए समन्वित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षाकाल से पूर्व संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करने एवं वैकल्पिक मार्गों के सर्वेक्षण को प्राथमिकता देने को कहा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हे थर्ड पार्टी निरीक्षण पर विशेष बल दिया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सारा योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखी जिन पर मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए गए।