लखनऊ - यूपी राजधानी लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता ने कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहा तनाव वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय जरूर है, लेकिन इसका कोई असर भारत में ईंधन की कीमतों पर नहीं पड़ेगा।
नहीं बढ़ेंगी पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया है कि, देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाई जाएंगी। रक्षामंत्री ने कहा कि, भारत सरकार स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और आम जनता को किसी भी तरह की आर्थिक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को राहत देना
बीजेपी सांसद राजनाथ सिंह ने इस दौरान यह भी कहा कि, भारत की मजबूत कूटनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सक्रिय विदेश नीति के कारण देश इस वैश्विक संकट के प्रभावों से सुरक्षित है। रक्षामंत्री ने आगे कहा कि, सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को राहत देना और आर्थिक स्थिरता बनाए रखना है।
भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत स्थिति में है
रक्षा मंत्री ने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव के बावजूद भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत स्थिति में है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बयान के बाद आम जनता में राहत की भावना देखी जा रही है, क्योंकि वैश्विक बाजारों में अस्थिरता के बीच ईंधन कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर चिंता बनी हुई थी।