उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और भरोसा दिलाया कि सरकार सभी समस्याओं का उचित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बच्चों से की बातचीत, पढ़ाई पर दिया जोर
जनता दर्शन के दौरान कुछ अभिभावक अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। एक बच्चे से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उसे सलाह दी कि वह नियमित रूप से किताबें पढ़े और सोशल मीडिया का प्रयोग केवल जरूरत के अनुसार ही करे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट का सीमित उपयोग करना चाहिए।
निवेश और उद्योग विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जनता दर्शन के दौरान दो उद्यमियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार किया गया है। सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम जैसी पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू की हैं। ऐसे में उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योग विकास से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Comments (0)