कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल के बीच बुधवार, 12 नवंबर 2026 की सुबह कोलकाता के कालीघाट स्थित तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास के सामने बुलडोजर कार्रवाई की गई। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की मौजूदगी में सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचों को हटाया गया। इस दौरान लोहे के काले गेट को भी काटकर हटा दिया गया।
इलाके में केंद्रीय बलों की तैनाती के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई को लेकर पिछली रात ही नोटिस जारी किया गया था।
पुलिस कियोस्क से लेकर बांस के ढांचे तक हटाए गए
कालीघाट और हरीश मुखर्जी रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवासों के सामने पिछले कई वर्षों से सुरक्षा के मद्देनजर अलग-अलग इंतजाम किए गए थे। दोनों आवासों के पास पुलिस कियोस्क बनाए गए थे, जहां पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती थी। बुधवार सुबह की कार्रवाई में अस्थायी ढांचों के साथ पुलिस कियोस्क को भी काटकर हटाया गया। कार्रवाई के बाद सड़क किनारे बने लकड़ी और बांस के ढांचे पूरी तरह हटा दिए गए। अब फुटपाथ पर पहले से मौजूद कोई अस्थायी निर्माण दिखाई नहीं दे रहा है।
अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन से शुरू हुआ था विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत 7 नवंबर को अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के आसपास हुई थी। आरोप है कि देर रात इलाके में हंगामा हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। हालांकि अभिषेक बनर्जी और उनकी टीम का आरोप है कि पुलिस ने उस समय उपद्रव को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए। तृणमूल कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें साझा की गई थीं, जिनमें अभिषेक बनर्जी के आवास के सामने लगे बांस के ढांचों और अन्य अस्थायी संरचनाओं को तोड़ते हुए दिखाया गया था।
TMC आईटी सेल प्रभारी उपासना चौधरी ने उठाए सवाल
इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस की आईटी सेल प्रभारी उपासना चौधरी ने सवाल उठाते हुए कहा था कि बांस के ढांचे पहले से लंबे समय से वहां मौजूद थे। जन्मदिन के मौके पर लगाए गए बैनर और पोस्टर भी स्थानीय निवासियों से अनुमति लेने के बाद लगाए गए थे।
उनका सवाल था कि जब पहले किसी ने इन बैनर और पोस्टरों पर आपत्ति नहीं जताई, तो बाद में उन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों की गई?
बुलडोजर कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी का तीखा बयान
कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी ने अपने X हैंडल पर कड़ा संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा,
"कोई भी बुलडोजर मेरी आवाज को खामोश नहीं कर सकता और न ही मेरे संकल्प को तोड़ सकता है। मैं बांग्ला विद्रोहियों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा। अपनी आखिरी सांस तक न तो पीछे हटूंगा और न ही एक इंच झुकूंगा।"
उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
दिलीप घोष का जवाब – फुटपाथ पर कब्जा बर्दाश्त नहीं
वहीं, इस कार्रवाई को लेकर राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अगर किसी ने फुटपाथ पर कब्जा किया है, तो उसे खाली कराया जाएगा। उन्होंने कहा,
"फुटपाथ पर कब्जा होगा तो उसे मुक्त कराया जाएगा। ऐसा करने वाला कोई भी हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। फुटपाथ जनता का है, उस पर कब्जा नहीं किया जा सकता। इसकी शुरुआत ऊपर से हुई है। इस बार यह कार्रवाई सभी के लिए होगी।"
बंगाल की राजनीति में बढ़ सकता है टकराव
अभिषेक बनर्जी के आवास के सामने हुई इस कार्रवाई और उसके बाद आए राजनीतिक बयानों ने पश्चिम बंगाल में सियासी माहौल को और गरमा दिया है। एक ओर TMC इसे राजनीतिक दबाव और कार्रवाई के तौर पर देख रही है, वहीं दूसरी ओर फुटपाथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सरकार की ओर से सख्त रुख सामने आया है।
अब इस मामले में आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।