पूर्व मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में चीनी की कीमतों और बिक्री पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कांथी सुपर मार्केट में चीनी की कथित कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतों की जांच के लिए प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई दुकानों और गोदामों में छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो चीनी गोदामों समेत कई दुकानों की जांच की गई।
यह अभियान उपभोक्ता संरक्षण विभाग, कांथी नगरपालिका और महकमा प्रशासन की संयुक्त पहल पर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व कांथी के एसडीओ जगदीशचंद्र बारुई ने किया। इस दौरान कांथी नगरपालिका के अधिकारी हिमांशु दास सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
चीनी की कीमतों और स्टॉक की हुई जांच
प्रशासनिक टीम ने दुकानों और गोदामों में पहुंचकर चीनी के भंडारण, बिक्री और कीमतों से जुड़ी जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी पैदा कर अधिक कीमत पर बिक्री तो नहीं की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की गई कि व्यापारी निर्धारित दरों से अधिक कीमत तो नहीं वसूल रहे हैं।
कई गोदामों और दुकानों की जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी बड़े अनियमितता या कालाबाजारी का मामला सामने नहीं आया है।
खुदरा में 70 और थोक में 65 रुपये किलो बिक रही चीनी
अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में कांथी बाजार में चीनी की खुदरा कीमत 70 रुपये प्रति किलो और थोक कीमत 65 रुपये प्रति किलो है। जांच के दौरान सामने आई कीमतें निर्धारित दरों के अनुरूप पाई गईं।
व्यापारियों को दी गई सख्त हिदायत
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि चीनी की बिक्री में किसी भी तरह की अनियमितता, जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्हें उचित कीमत पर चीनी बेचने और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने की हिदायत दी गई।
प्रशासन का कहना है कि आम लोगों को जरूरी खाद्य सामग्री उचित कीमत पर उपलब्ध कराने और बाजार में मूल्य नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह की निगरानी और जांच आगे भी जारी रहेगी।