अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही
मौसम विज्ञानी ने बताया कि अगले दो तीन दिन मौसम इसी तरह रहेगा। इस समय जेट स्ट्रीम है, साथ ही कर्नाटक से विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन थी, जिसके कारण नमी आ रही है। इसके चलते हल्के बादल बने थे। अभी भी सर्द हवा आ रही है। इसलिए फिलहाल तापमान इसी तरह रहेगा। दो से तीन दिन में एक पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, अगर इसके असर के चलते विंड परिवर्तित होती है तो तापमान में गिरावट पर ब्रेक लग सकता है।
डेढ़ डिग्री गिर गया अधिकतम तापमान
शनिवार को हल्के बादल, कोहरा, धुंध और सर्द हवाओं के कारण दिन के तापमान में फिर डेढ़ डिग्री की गिरावट हो गई। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 21.7 और न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.3 और न्यूनतम 9.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
क्या होती है जेट स्ट्रीम
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि इस समय उत्तरी भारत में जेट स्ट्रीम भी बनी हुई है, जो 12.30 किमी की ऊंचाई पर उत्तर और मध्य भारत में है। जेट स्ट्रीम एक तरह से हवा का प्रचंड प्रवाह है जो पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर बहती है, इस समय वह 200 से 250 किमी की रफ्तार से बह रही है। इसकी चौड़ाई लगभग ढाई सौ से 300 किमी होती है साथ ही साथ तीन से पांच किलोमीटर की ऊंचाई है।
इसके प्रभाव के कारण जो सिस्टम रहते हैं, उसमें भी तेजी आती है। ऐसे में उत्तरी सर्द हवा चल रही है, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है। इसके कारण आने वाले एक दो दिनों तक पहाड़ों एवं उससे लगे इलाकों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है और तापमान में गिरावट रह सकती है। खासकर उत्तर भारत में इसका प्रभाव अधिक रहेगा।