बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर की हिंदू एकता यात्रा बागेश्वर धाम सिद्ध पीठ से ओरछा के लिए शुरू हो गई है। जिसमें भाजपा के कई बड़े नेता सम्मिलित हो रहे हैं। इस बीच कांग्रेस विधायक एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह भी इस यात्रा में सम्मिलित हुए हैं।
हम सनातन के भक्त हैं और रहेंगे - जयवर्धन सिंह
यात्रा में सम्मिलित होकर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि, हिंदुओं में एकता जरूरी है तथा यह सनातन धर्म की यात्रा है। हम बागेश्वर धाम का बहुत सम्मान करते हैं। वे सनातन धर्म के लिए यह यात्रा कर रहे हैं। जयवर्धन सिंह ने आगे कहा कि, हम बाबा बागेश्वर के साथ खड़े हैं। यह यात्रा किसी दल की नहीं, बल्कि सनातन धर्म के लिए है। हिंदुओं में एकता होनी चाहिए। हम सनातन के भक्त हैं और रहेंगे।
जयवर्धन सिंह सनातन धर्म के प्रति बहुत समर्पित हैं
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह के यात्रा में सम्मिलित होने पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि, जयवर्धन सिंह सनातन धर्म के प्रति बहुत समर्पित हैं। उनके घर में राघवजी एवं चारों कोनों में ठाकुरजी, बालाजी विराजमान हैं। जो लोग हमारे उद्देश्य को समझते हैं, उन्हें यह मालूम है कि, हम इस देश में एकता चाहते हैं। बाबा ने आगे कहा कि, हम किसी पार्टी के वोट बैंक के लिए काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि हम सिर्फ हिंदुओं को एकजुट करने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।
Comments (0)