राजधानी के हुजूर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले विदिशा रोड स्थित बरखेड़ी डोब गांव में प्रदेश की पहली अत्याधुनिक गौशाला बनेगी। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भूमिपूजन करेंगे।
आधुनिक तरीके से होगा निर्माण
25 एकड़ क्षेत्र में प्रदेश की पहली हाईटेक गौशाला बनने जा रही है। प्रदेशभर में गौशालाओं के निर्माण के साथ ही गौमाताओं के आहार और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस गौशाला में 10 हजार गौमाताओं को रहने की व्यवस्था होगी। इसमें चौबीस घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी भी लगेंगे। जैविक खाद निर्माण का संयंत्र भी लगेगा। इसमें गायों के आधुनिक तरीके से रख-रखाव के साथ ही उनके उपचार के लिए सभी संसाधनों से युक्त चिकित्सा वार्ड का भी निर्माण किया जाएगा।
नगर निगम करेगा संचालन
यहां पर यह बता दें कि ग्रामीण यांत्रिकी विभाग द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत की गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम एवं पशुपालन विभाग नोडल एजेंसी होंगे। इस गौशाला की फंडिंग स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और जिला पंचायत द्वारा की जाएगी। वहीं गौशाला का संचालन नगर निगम द्वारा किया जाएगा।
तीन चरणों में होगा निर्माण
इस अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण तीन चरणों में होगा। जिसमें प्रथम चरण में लगभग 2 हजार पशु क्षमता का निर्माण किया जाएगा। इस अत्याधुनिक गौशाला में गायों को भूसा, हरी घास, पशु आहार आदि कन्वेयर बेल्ट के माध्यम से पहुंचाया जाएगा।
जैविक खाद संयंत्र लगेगा
गौशाला में गाय के गोबर एवं मूत्र से विभिन्न सामग्री तैयार की जाएगी और जैविक खाद निर्माण के लिए संयंत्र भी लगाया जाएगा। गौशाला में रहने वाले पशुओं एवं सड़कों पर घायल एवं बीमार होने वाले मवेशियों के उपचार के लिए चिकित्सा वार्ड भी बनाया जा रहा है।
Comments (0)