सीधी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां मैहर मंदिर मुंडन कराने जा रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। जिससे वाहन में सवार 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को संजय गांधी, रीवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे को लेकर सीएम डॉ मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सीधी जिले अंतर्गत उपनी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मैहर माता के दर्शन करने जा रहे यात्री वाहन और ट्रक की भयानक टक्कर में आठ यात्रियों की असामयिक दर्दनाक मृत्यु का अत्यंत ही दुःखद समाचार मिला है। मेरी गहरी शोक संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
2-2 लाख की आर्थिक सहायता राशि
देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों के इलाज का इंतजाम किया, साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को रीवा रेफर किया गया है। सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख एवं सामान्य घायलों को ₹50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।
Comments (0)