राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खजुराहो पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, सीएम डॉ मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति खजुराहो से बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गई हैं। यहां वे 251 कन्याओं के सामूहिक विवाह में शामिल होंगी। छतरपुर में स्थित बागेश्वर धाम में आज सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। यह कार्यक्रम छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में किया जा रहा है।
इस समारोह में गायक सोनू निगम, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह और अभिनेता पुनीत वशिष्ठ भी मौजूद रहेंगे। WWE पहलवान द ग्रेट खली पहले ही बागेश्वर धाम पहुंच गए हैं। इसके अलावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज, गोरीलाल कुंज वाले स्वामी किशोरदाज महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, चिदानंद स्वामी महाराज, पूज्य बालक योगेश्वरदास महाराज, अयोध्या के राम दिनेश आचार्य महाराज, अभिरामाचार्य महाराज, अभयदास महाराज, हरिद्वार से रामदास महाराज, चिन्मयानंद बापूजी महाराज, गंगादास महाराज, गोपालमणि महाराज, संजय सलिल महाराज समेत अनेक संत वर-वधू को आशीर्वाद देंगे।
हाल ही में बागेश्वर धाम आए थे पीएम मोदी
आपको बता दें कि हाल ही में 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल सहित करोड़ों की लागत वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की आधारशिला रखी थी।
Comments (0)