इंदौर के नृसिंह बाजार में फाग यात्रा से पहले पुलिस की परेड की गई। टोरी कॉर्नर गैर आयोजक शेखर गिरी ने पुलिस अधिकारियों को गुलाल लगाया। यहां झांकी और डीजे की गाड़ियां लाइन से निकलना शुरू हो चुकी हैं। लोगों ने गुलाल उड़ाना भी शुरू कर दिया है। गेर में लोगों का शामिल होना शुरू हो गया है। लोग टोलियों में डीजे की धुन पर डांस करते हुए गुलाल उड़ा रहे हैं। टोरी कॉर्नर की गेर में ट्रैक्टर पर कलाकार प्रस्तुति देते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इंदौर के टोरी कॉर्नर से गेर धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी है।
पुलिस और प्रशासन सुबह से ही अलर्ट है। लगभग दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सड़कों, छतों और चौराहों पर पुलिस टीमें तैनात हैं। गेर में आने जाने वाले रास्तों पर भी चौकसी है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। गेर के लिए बने कंट्रोल रूम में कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह खुद मौजूद रहेंगे।
फाग यात्रा: 100 भगवा ध्वजों के साथ राधा-कृष्ण की झांकी
हिंद रक्षक संगठन की राधा-कृष्ण फाग यात्रा में इस बार नाथद्वारा की थीम नजर आएगी। संगठन के संयोजक एकलव्य गौड़ ने बताया कि श्रीनाथ जी की हवेली स्वरूप भगवान का रथ रहेगा। यात्रा में 12 फीट का विग्रह भी देखने को मिलेगा। फाग यात्रा में आगे 100 भगवा ध्वज लिए हुए युवक चलेंगे। इसके साथ ही, गोवर्धन पर्वत की झांकी भी देखने को मिलेगी। इस यात्रा में भजन मंडलियां भी शामिल होंगी, जो यात्रा को भक्ति और उत्सव का अहसास कराएंगी।
Comments (0)