मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लिखा लेख। उन्होंने अपने इस लेख में कहा कि, विकसित राष्ट्र के विकास का आधार स्तंभ भारत में नारी सदैव अग्रणी रही है, प्रथमा रही है। मातृशक्ति को आदि शक्ति माना जाता है। हमारी परंपरा, संस्कृति और चिंतन में नारी का सम्मान रहा है। हमारे लिए गौरव की बात है कि पूरे संसार ने महिला सशक्तिकरण को स्वीकार किया।
सीएम ने आगे कहा कि, आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं नारी शक्ति और उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए कई नवाचार हुए और अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा गया । इनका अनुकरण बाद में अन्य प्रांतों ने भी किया। इस तरह मध्यप्रदेश, देश में महिला सशक्तिकरण के लिए अग्रणी प्रांत बन गया। आइये, हम सब अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी को सशक्त बनाने का संकल्प लें। इस संकल्प के क्रियान्वयन से ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का दिन सार्थक होगा ।
इसके साथ ही सीएम ने इस दौरान आगे कहा कि, प्रधानमंत्री जी ने हमें विकास के साथ विरासत का सूत्र दिया है। भारत की वैचारिक विरासत नारी सम्मान की रही है। यदि सामाजिक वातावरण में मर्यादा होगी, नारी सम्मान होगा तो अपराध अपने-आप कम हो जाएंगे। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में अग्रणी बनाने के लिए ज्ञान (GYAN) के सम्मान का मंत्र दिया है। इसके अंतर्गत गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। भारतीय जीवनशैली में महिलाओं की भूमिका सदैव अग्रणी रही है। हम जितने अधिक अवसर बहन-बेटियों को देंगे, सुविधाएँ देंगे तो वे समाज को कई गुना लौटाकर देंगी।
Comments (0)