मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों की साज-सज्जा सहित विविध आयोजन होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 30 मार्च को गुड़ी पड़वा पर्व पर भी बड़े स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है। सीएम ने बताया कि महाशिवरात्रि से विक्रमोत्सव प्रारंभ होगा। इस वर्ष भी जल गंगा अभियान संचालित किया जाएगा। इस वर्ष जल गंगा अभियान और वॉटर शेड कार्यक्रम के साथ दीर्घ अवधि तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।
घड़ियाल अभ्यारण्य और मध्यप्रदेश में वन्य जीव पर्यटन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 17 फरवरी को चंबल नदी के निकट घड़ियाल अभ्यारण्य का उन्होंने अवलोकन किया। इस अवसर पर 10 घड़ियाल चंबल नदी में छोड़े गए। प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। देश में सर्वाधिक घड़ियाल चंबल के घड़ियाल अभ्यारण्य में हैं। यहाँ पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाएं प्रारंभ की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अभ्यारण्य को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केन्द्र बताया।
Comments (0)