मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के जवाहरपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में कुछ लोगों के असामयिक निधन का समाचार मिला है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि दुर्घटना में काल कवलित मृतकों के सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।
प्रशासन को निर्देशित किया गया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार की व्यवस्था के लिए भिंड जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है। सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि और गंभीर घायलों को एक एक लाख एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पिकअप लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी
दरअसल, भिंड जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक और पिकअप लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहा है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला देहात थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भिण्ड इटावा रोड जवाहरपुर के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक और लोडिंग पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। जबकि 17 लोग घायल हुए है। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि भावनी पुरा निवासी गिरीश वंसल अपनी बहन के घर जवाहरपुर गांव में अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ भात पहिनाए कर वापस जा रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है।
Comments (0)