प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में मौसम में बदलाव के आसार हैं। दिन के समय गर्मी तेज होने की संभावना है, वहीं रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। साथ ही, कुछ जगहों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
शनिवार को ड्राई मौसम के चलते रायपुर और बिलासपुर जिले प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे। रायपुर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था। दिन का तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था।
दो दिन तापमान में आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिक रायपुर के अनुसार, अगले 2 दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की उम्मीद है। मार्च के शुरुआती दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
Comments (0)