राजधानी भोपाल शहर से सटे औद्योगिक क्षेत्र गोविंदपुरा में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। केमिकल फैक्ट्री होने की वजह से आग जल्दी फैल गई। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री से करीब 20 फीट ऊंची आग की लपटें उठ रही हैं। प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है। आग से उठ रहा धुआं पूरे गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में देखा जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। आग बुझाने के लिए दर्जन भर दमकलों को मौके पर लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम को भी बुलाया गया है।
कुछ दूरी पर हैं कारों के शो रूम
गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में जिस स्थान पर केमिकल फैक्ट्री है, उससे चंद कदम की दूरी पर टाटा और महिन्द्रा कंपनी के शोरूम हैं। फैक्ट्री भी जेके रोड से करीब डेढ़ सौ मीटर ही दूर है। आग लगने के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सड़क से हटाया।
फैक्ट्री परिसर में खड़े वाहन भी जले
हादसे में फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ऑटो और कुछ बाइकें भी जल गई हैं। गनीमत रही कि कोई कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर नहीं है। लोगों ने जैसे ही आग को देखा तो शोर मचाया जिससे सभी कर्मचारी बाहर आ गए थे। सूचना के बाद अशोका गार्डन के साथ पिपलानी और गोविंदपुरा थाने के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। नगर निगम की दमकल की टीमें भी मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
Comments (0)