बर्फबारी के बाद जम्मू कश्मीर से आने वाली सर्द हवाओं की रफ्तार थम गई है। हवाओं के थमने से ग्वालियर सहित मध्यप्रदेश के बड़े हिस्से में पारा भी बढ़ने लगा है।
ग्वालियर अंचल में अभी रात के तापमान पर अधिक असर नहीं पड़ा है, लेकिन दिन के तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आगामी दो दिन अभी तापमान में इसी गति से इजाफा होगा। इसके बाद 9 मार्च को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अंचल के मौसम में बदलाव आएगा।
यदि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी राज्यो में बर्फबारी या बारिश हुई तो अंचल में भी तापमान में गिरावट हो सकती है। लेकिन विक्षोभ सक्रिय होने के शुरुआती दिनों में तापमान बढ़ सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो हफ्ते के अंत तक अधिकतम तापमान के 33 डिग्री के पार पहुंचने के आसार हैं। इसके बाद, अगले सप्ताह तक यह 34 से 35 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान के 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
होली के बाद बढ़ेगी गर्मी
12 मार्च के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से होली के बाद गर्मी का असर बढ़ सकता है।
Comments (0)