मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड स्थित पन्ना जिले के अजयगढ़ से एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। आधुनिक दौर में जहां शादियों में लग्जरी कारों और महंगे काफिलों का चलन बढ़ता जा रहा है, वहीं अजयगढ़ के विश्वकर्मा परिवार ने परंपरा को जीवित रखने और ईंधन संकट के बीच एक अलग संदेश देने के लिए बैलगाड़ियों पर बारात निकालकर लोगों को हैरान कर दिया। डॉ. रामखिलावन विश्वकर्मा ने अपने छोटे बेटे की बारात के लिए महंगी गाड़ियों की बजाय पारंपरिक बैलगाड़ियों को चुना। इस अनोखी पहल को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और इस अनूठे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
परंपरा की झलक: 30 बैलगाड़ियों के साथ निकली बारात
इस अनोखी बारात को खास बनाने के लिए अजयगढ़ जनपद क्षेत्र के विभिन्न गांवों—बीरा, लोलास, शाहपुरा, गड़रियन पुरवा और मझपुरवा से करीब 30 बैलगाड़ियां मंगवाई गई थीं। बुधवार 11 मार्च की रात करीब साढ़े 11 बजे जब बैलों के गले में बंधी घंटियों की मधुर आवाज के साथ बारात निकली तो पूरा इलाका पुराने समय की यादों में खो गया। बारात में केवल बैलगाड़ियां ही नहीं, बल्कि आधा दर्जन नाचते हुए घोड़े और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने माहौल को और भी भव्य बना दिया। इस अनोखी बारात को देखने के लिए सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और कई लोगों ने इसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए।
ईंधन संकट के बीच दिया बड़ा सामाजिक संदेश
डॉ. रामखिलावन विश्वकर्मा ने बताया कि इस पहल के पीछे उनकी सोच केवल अलग शादी करने की नहीं थी, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश देना भी था। उन्होंने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में लोग अपनी परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं, जबकि हमारी पुरानी पद्धतियां न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हैं बल्कि पर्यावरण के लिए भी अनुकूल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों का संकट बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में हमें अपनी पारंपरिक और किफायती व्यवस्थाओं को भी याद रखना चाहिए। अजयगढ़ की यह अनोखी बारात अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों के बीच परंपरा, सादगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है।
Comments (0)