उत्तरप्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को अब एक नया अनुभव मिलने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य के सभी टोल प्लाजा पर जल्द ही देशभक्ति गीतों और भक्तिमय भजनों का प्रसारण किया जाएगा। इस नई पहल को लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
देशभक्ति और सकारात्मक माहौल बनाने की पहल
गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के अनुसार इस व्यवस्था को जल्द लागू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, तनाव कम करना और वातावरण में सकारात्मकता व आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है।
टोल प्लाजा का बदलेगा माहौल
प्रशासन जल्द ही टोल प्लाजा प्रबंधन के साथ बैठक कर इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करेगा। टोल बूथों पर बजने वाले देशभक्ति गीत और भजन यात्रियों के सफर को अधिक सुखद और शांतिपूर्ण बनाने में मदद करेंगे।अधिकारियों का मानना है कि इसका सकारात्मक असर वहां कार्यरत कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी पड़ेगा और कार्यस्थल का माहौल बेहतर होगा।उत्तरप्रदेश सरकार की इस पहल को लेकर सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।