मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। पर्यटन तथा धार्मिक स्थलों को आकर्षक एवं भव्य बनाया जाएगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्थल बढ़ाने के भी प्रयास हों। प्रदेश में गीता जयंती पर गीता महोत्सव मनाने की कार्ययोजना बनाएं। इसी तरह मानस जयंती भी मनाई जाए। प्रदेश में भारतीय संस्कृति एवं दर्शन को व्यापकता से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर बनें भोपाल के प्रवेश द्वार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर भोपाल के प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजाभोज और राजा विक्रमादित्य के नाम पर भी प्रवेश द्वार बनाने की कार्ययोजना बनाई जाए। राज्य की सीमा पर भी प्रवेश द्वार बनाए जाने की तैयारी की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को प्रदेश की संस्कृति और धार्मिक महत्व के स्थलों की जानकारी हो सके, इसके लिए बेहतर प्रयास किए जाना जरूरी हैं।
निर्माण कार्य बेहतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बनाए जा रहे 18 लोक से संबंधित कार्य बेहतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किए जाएं। प्रदेश में 7 स्थानों पर रोपवे के कार्य भी किए जाना है, इससे पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश का महत्व और अधिक बढ़ सकेगा। प्रदेश में लाईट एंड साउंड शो के स्थल विकसित करने के 8 कार्य चल रहे हैं। इसी तरह संग्रहालय निर्माण के 5 कार्य प्रचलन में हैं और 5 कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। यह सभी कार्य बेहतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किए जाएं।