एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह ने ईवीएम पर बढ़ते विवाद के बीच कहा है कि, कांग्रेस पार्टी ही ईवीएम लेकर आई थी, इस पर सवाल उठाना कहीं से भी उचित नहीं है। लक्ष्मण सिंह ने इसके साथ ही कई और मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया है।
जो सच है वही बच्चों को बताया जाना चाहिए
एनसीईआरटी की किताबों में बाबरी मस्जिद के विषय को हटाने का मामला तूल पकड़ रहा है। इस विषय पर तमाम राजनीतिक दल के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के सीनियर नेता लक्ष्मण सिंह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, क्या बच्चों को ये बताना चाहेंगे कि, मुगलों ने हमारे मंदिर को तोड़ा था। बच्चों को यह इतिहास पढ़ना चाहिए कि, वहां पर राम मंदिर था। एनसीईआरटी की किताब से अगर बाबरी मस्जिद के विषय को हटाया गया है तो कोई गलत नहीं है। जो सच है वही बच्चों को बताया जाना चाहिए।
बंद कमरे में ना हो बैठक
हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव 2024 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की मांग पर पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि, नेतृत्व परिवर्तन नहीं होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि, ब्लॉक स्तर तक हमें समितियां बनानी चाहिए। समितियां जो भी फैसला करे, उस पर निर्णय लेना चाहिए, ना कि बंद कमरे में 10-12 लोगों को बिठाकर कोई निर्णय लें।
खड़गे को दे दी नसीहत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सोशल मीडिया साइट एक्स पोस्ट पर कहा कि, सरकार को गिराने की न सोचें। आप बड़े और वृद्ध नेता हैं। लक्ष्मण सिंह ने खड़गे को नसीहत देते हुए कहा कि, पांच साल तक मेहनत करें ताकि हम पांच साल बाद अपनी सरकार बनाएं।
Comments (0)