महाशिवरात्रि पर रायसेन जिले के भोजपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध शिव मंदिर प्रांगण में तीन दिवसीय “महादेव” भोजपुर महोत्सव प्रारंभ हुआ। उप मुख़्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, सांची विधायक विधायक प्रभुराम चौधरी ने महोत्सव का शुभारंभ किया। शाम की पहली सभा में खरगोन के शिव भाई गुप्ता का लोकगायन हुआ। उनकी सुमधुर वाणी ने निकले भक्ति गीतों ने श्रोताओं के अंतर्मन को भक्ति रस से भिगो दिया। बसंत की ढलती शाम के बीच उन्होंने महादेव की नगरी में जैसे ही भोले बाबा, म्हारा भोले बाबा, जटा म गंगा की धारा… गीत पेश किया, श्रोता उनकी स्वर लहरियों के बीच अलौलिक भक्ति में लीन हो गए। भगवान और भक्तों के बीच सुरों का सेतू बनाते हुए शिव भाई ने भोजपुर के लिए विशेष गीत जको गला म काला-काला नाग, देखो भाई भोजपुरम्… पेश किया। आदि-अनादि शिव का आह्वान करते हुए भोलेबाबा की आई रे बारात प्यारी लाग शिवरात्रि… गीत सुनाते हुए उन्होंने शिव के प्रति अपने कंठ माधुर्य से प्रेम और समर्पण को दिखाया।
लोकनृत्य के माध्यम से जनपदीय संस्कृति के उल्लास को बिखेरा
अभिलाष चौबे और साथी कलाकारों ने लोकनृत्य के माध्यम से जनपदीय संस्कृति के उल्लास को मंच पर बिखेरा। बधाई लोक नृत्य बुंदेलखंड अंचल का लोकप्रिय नृत्य है। इसे स्त्री एवं पुरुष दोनों ही मिलकर करते हैं। विवाह, तीज, त्यौहार, शिशु जन्म जैसे मांगलिक कार्य और धार्मिक अनुष्ठान के समय इस नृत्य को बुंदेलखंड में किए जाने की परंपरा रही है। महोत्सव में आए इन योगियों ने जन्म लियो रघुरैया अवध में बाजे बधाइयां…, कोना घड़ी में राम रघुरैया कोना में किशन कन्हैया अवध में बाजे बधाइया…, नैना बंद लागे कहियो चोली बंद लागे कहियो, पीपर को पत्ता डुलत नैया… और लाल रंग डारो गुलाबी रंग डारो और रंग डारो केसरिया जे बंसी वारे सांवरिया नैना बंद… जैसे गीतों पर प्रस्तुति दी। गायन में आदित्य प्रजापति, ढोलक पर लीलाधर बेन, टिमकी पर अक्षय तिवारी, रामतुला पर आदर्श मिश्रा ने संगत दी।
कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से शुरू होगा
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भोजपुर का मंदिर महाभारत कालीन है, इस मंदिर की प्रसिद्धी पूरे विश्व में है। आज मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जहां अपनी लोक संस्कृति को पूरे देश में सबसे अधिक बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। सरकार धार्मिक स्थलों पर विविध कार्यक्रम करा कर संस्कृति को बढ़ावा दे रही है।
Comments (0)