छत्तीसगढ़ के कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ा दी है।अब ऐसे विद्यार्थी, जो किसी कारण से तय समय-सीमा में प्रवेश नहीं ले सके हैं, खाली सीटों की उपलब्धता होने पर 19 सितंबर 2026 तक एडमिशन ले सकेंगे।
पहले 31 अगस्त थी आखिरी तारीख
उच्च शिक्षा विभाग ने इससे पहले 14 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई थी।अब छात्रों को एक और अवसर देते हुए विभाग ने 11 सितंबर को नया आदेश जारी किया है। इसमें प्रवेश की अवधि को आगे बढ़ाकर 19 सितंबर कर दिया गया है।

खाली सीटों पर ही मिलेगा प्रवेश
नई व्यवस्था के तहत 19 सितंबर तक एडमिशन की सुविधा सभी संस्थानों या सभी पाठ्यक्रमों में स्वतः लागू नहीं होगी। प्रवेश केवल सीट रिक्त रहने की स्थिति में ही दिया जा सकेगा।इसका मतलब है कि जिन कॉलेजों या शैक्षणिक संस्थानों में निर्धारित सीटें पहले ही भर चुकी हैं, वहां इस बढ़ी हुई समय-सीमा के आधार पर नया प्रवेश नहीं मिलेगा।
छात्रहित में लिया गया फैसला
उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का फैसला छात्रहित को ध्यान में रखते हुए लिया है। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो पहले निर्धारित समय में कॉलेज में दाखिला नहीं ले पाए थे।खाली सीट वाले संस्थानों में अब छात्रों के पास प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए 19 सितंबर तक का अतिरिक्त समय रहेगा।